लूणकरणसर में जमीन फटने का रहस्य! खेत में बनी 2 फीट चौड़ी दरार की जियोलॉजिकल टीम ने शुरू की जांच
लूणकरणसर। हंसेरा की रोही में किसान के खेत में बारिश के बाद बनी जमीन की रहस्यमयी दरार अब जांच का विषय बन गई है। जियोलॉजिकल विभाग बीकानेर की टीम ने रविवार को मौके पर पहुंचकर दरार वाले क्षेत्र का निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार किसान संतराम भोमरिया के खेत में 16 जून को हुई बारिश के बाद करीब आधा बीघा जमीन में बड़ी दरार बन गई थी। दरार लगभग दो से ढाई फीट चौड़ी बताई जा रही है, जिसे देखकर आसपास के किसान और ग्रामीण भी हैरान रह गए।
जियोलॉजिकल विभाग बीकानेर के ओआर द्वितीय सुरेंद्र कुमार ने राजस्व विभाग के हल्का पटवारी मनफूल गोदारा, ग्राम विकास अधिकारी राजेश और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। टीम ने प्राथमिक रिपोर्ट तैयार की है।
सोमवार से होगा जमीन का गहन अध्ययन
सुरेंद्र कुमार ने बताया कि दरार वाले क्षेत्र का सोमवार से विस्तृत अध्ययन किया जाएगा। जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि जमीन में दरार भू-जल स्तर में बदलाव, मिट्टी कटाव या किसी अन्य भूगर्भीय कारण से बनी है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि दरार वाले खेत में प्रवेश न करें। मिट्टी धंसने की संभावना के चलते हादसा हो सकता है। पुलिस और ग्राम पंचायत से भी लोगों को मौके पर जाने से रोकने की अपील की गई है।
बारिश के बाद अचानक बनी थी दरार
गौरतलब है कि 16 जून की बारिश के बाद किसान के खेत में अचानक जमीन फट गई थी। इसके बाद आसपास के इलाकों में इसकी चर्चा फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए थे।
अब जियोलॉजिकल टीम की रिपोर्ट आने के बाद ही प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा।




