महाराष्ट्र-गुजरात: शनिवार रात महाराष्ट्र और गुजरात के कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता 4.3 मापी गई। झटके नासिक, सूरत और वापी समेत कई इलाकों में महसूस किए गए। अचानक धरती हिलने से लोगों में घबराहट फैल गई और कई लोग एहतियातन अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। हालांकि, अब तक भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र नासिक से करीब 47 किलोमीटर दूर भनवड़ गांव के पास बताया गया है। भूकंप के झटके महाराष्ट्र के नासिक जिले के कई क्षेत्रों के अलावा गुजरात के कुछ इलाकों में भी महसूस किए गए।
नासिक समेत कई तालुकों में महसूस हुए झटके
भूकंप के झटके नासिक शहर के अलावा जिले के दिंडोरी, निफाड, पेठ, सुरगाणा और इगतपुरी तालुका में भी महसूस किए गए। झटके महसूस होते ही कई इलाकों में लोग अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। अचानक आए भूकंप से कुछ समय के लिए लोगों में डर का माहौल बना रहा।
सूरत और वापी तक महसूस हुई धरती की कंपन
महाराष्ट्र के नासिक क्षेत्र के साथ गुजरात के सूरत और वापी समेत आसपास के इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किए जाने की जानकारी सामने आई है। कई लोगों ने सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर धरती में कंपन महसूस होने की बात बताई।
पहले भी महसूस किए जा चुके हैं हल्के झटके
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इससे पहले पेठ और सुरगाणा तालुका में हल्के भूकंप के झटके तीन बार महसूस किए जा चुके हैं। इस बार महसूस किए गए झटके पहले की तुलना में अपेक्षाकृत तेज बताए जा रहे हैं। इसी वजह से लोगों में डर और चिंता का माहौल बन गया।
फिलहाल किसी नुकसान की सूचना नहीं
भूकंप की तीव्रता 4.3 होने के बावजूद फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर रख रही हैं। लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की जा रही है।




