48 घंटे में चोरी का खुलासा! मंदिर के पीछे वारदात करने वाले 2 शातिर गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद
बीकानेर. मुक्ताप्रसाद नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कानगणेशजी मंदिर के पास डूडी पेट्रोल पंप के पीछे हुई चोरी की वारदात का महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 16 जुलाई को हुई चोरी के मामले में 17 जुलाई को मुक्ताप्रसाद थाना में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। आईजी और पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा सीओ सिटी अनुज डाल के सुपरविजन में थानाधिकारी विश्वजीत सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संजय नायक (21) निवासी नायकान, बंगलानगर तथा शेर मोहम्मद उर्फ सुल्तान (18) निवासी वार्ड नंबर-1, बंगलानगर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों तक पहुंचने में आसूचना अधिकारी छगनलाल और कांस्टेबल मनोज की अहम भूमिका रही। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी विश्वजीत सिंह, अनुसंधान अधिकारी योगेंद्र, कांस्टेबल छगनलाल और कांस्टेबल मनोज शामिल रहे।



