नोखा में 24 घंटे में आगजनी की दूसरी घटना, रोड़ा गांव में स्कूल बस बनी आग का गोला
नोखा (बीकानेर)। क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर आगजनी की दूसरी बड़ी घटना सामने आई है। शुक्रवार को मरोठी चौक स्थित एक मकान में भीषण आग लगने के बाद शनिवार दोपहर रोड़ा गांव में सड़क किनारे खड़ी एक निजी स्कूल की बस में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि बस में कोई स्कूली विद्यार्थी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
देखते ही देखते आग की लपटों में घिरी बस
जानकारी के अनुसार, रोड़ा गांव में सड़क किनारे खड़ी निजी स्कूल की बस में शनिवार दोपहर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बस से उठता धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सरपंच ऋषिराज सिंह ने फायर ब्रिगेड को दी सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही रोड़ा गांव के सरपंच ऋषिराज सिंह ने तत्परता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीण भी दमकल कर्मियों के साथ आग पर काबू पाने में सहयोग कर रहे हैं।
बस में नहीं थे बच्चे, टला बड़ा हादसा
गनीमत रही कि आग लगने के समय बस में कोई भी स्कूली विद्यार्थी मौजूद नहीं था। बस सड़क किनारे खड़ी होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
24 घंटे में आगजनी की दूसरी घटना
नोखा क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर आग लगने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले शुक्रवार दोपहर मरोठी चौक में श्रीनिवास बागड़ी के मकान में सिलेंडर लीकेज के कारण भीषण आग लग गई थी। इस घटना में 10 लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर राख होने की जानकारी सामने आई थी। वहीं, कंचन देवी नाम की महिला मामूली रूप से झुलस गई थीं।






