नौरंगदेसर-रायसर हाईवे पर दूध की पिकअप ने ऊंटगाड़े को मारी टक्कर, चालक समेत 2 की मौत
बीकानेर। नापासर थाना क्षेत्र में नौरंगदेसर-रायसर के बीच शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाईवे पर जा रहे ऊंटगाड़े को पीछे से आ रही दूध की पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऊंटगाड़ा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ जा रहे तीन बच्चे घायल हो गए। उपचार के दौरान एक बच्चे ने भी दम तोड़ दिया।
पीछे से पिकअप ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार ऊंटगाड़ा चालक पूनरासर मेले से परिवार के बच्चों के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही दूध की पिकअप ने ऊंटगाड़े को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऊंटगाड़ा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे।
चालक की मौके पर मौत, एक बच्चे ने इलाज के दौरान दम तोड़ा
हादसे में ऊंटगाड़ा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथ मौजूद तीन बच्चे घायल हुए। घायलों में चालक के दो पोते और एक दोहिता शामिल बताए जा रहे हैं। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान एक बच्चे की भी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ऊंटगाड़े और पिकअप का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
एएसआई मनोज चौधरी ने बताया कि रायसर के पास हुए सड़क हादसे में ऊंटगाड़ा चालक की मौके पर मौत हुई है। हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए थे, जिनमें से एक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।




