एनएच-62 बना ‘डेंजर जोन’: तेज रफ्तार बस ने ली 20 साल के युवक की जान, प्रशासन के आदेश सिर्फ कागजों में!

19 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

एनएच-62 बना 'डेंजर जोन': तेज रफ्तार बस ने ली 20 साल के युवक की जान

लूणकरणसर। राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लूणकरणसर कस्बे के गैंस गोदाम के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार लोक परिवहन बस और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे सूरतगढ़ की ओर से आ रही लोक परिवहन बस ने सामने से आ रहे बाइक सवार चेतराम मेघवाल (20 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर-1, लूणकरणसर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिर गया और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही लूणकरणसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचना दी। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

एनएच-62 का यह हिस्सा बना हादसों का केंद्र

गैंस गोदाम के सामने एनएच-62 का मोड़ लंबे समय से हादसों के लिए बदनाम है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस स्थान पर पहले भी कई गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें एक साथ पांच लोगों की जान जा चुकी है।

हादसों के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर इसे डेंजर जोन मानते हुए सड़क सुरक्षा के इंतजाम करने के निर्देश दिए थे, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि ये निर्देश सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां न तो स्पीड ब्रेकर लगाए गए हैं, न चेतावनी बोर्ड और न ही पर्याप्त रिफ्लेक्टर की व्यवस्था की गई है। केवल एक बार झाड़ियां हटाने के अलावा कोई बड़ा सुधार कार्य नहीं हुआ।

20 वर्षीय चेतराम की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि एनएच-62 के इस खतरनाक मोड़ पर जल्द से जल्द सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि आगे और हादसों को रोका जा सके।

Share: