करणी माता के दर्शन से पहले मातम, बस और कैम्पर की टक्कर में युवक की मौत, 8 घायल
नोखा। नोखा क्षेत्र में रविवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 3 बजे भामटसर गांव के पास हुआ, जहां जैन ट्रेवल्स की बस और एक कैम्पर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में नोखा निवासी एवं ई-मित्र संचालक गोपाल लखारा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कैम्पर में सवार आठ अन्य युवक घायल हो गए। सभी घायल सुजानगढ़ रोड टोल प्लाजा पर कार्यरत कर्मचारी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सभी युवक देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में मंगला आरती के दर्शन के लिए जा रहे थे। भामटसर के पास उनकी कैम्पर की जैन ट्रेवल्स की बस से भिड़ंत हो गई, जिससे यह भीषण हादसा हुआ।
सूचना मिलते ही नोखा थाना प्रभारी गोविंद सिंह चारण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को पीबीएम अस्पताल, बीकानेर रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि एक घायल को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य घायलों का पीबीएम अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।




