पल्लू में अवैध पेट्रोल-डीजल का बड़ा खेल उजागर! पुलिस ने पकड़ा 1200 लीटर ईंधन
पल्लू: तहसील क्षेत्र में अवैध डीजल-पेट्रोल कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने करीब 1200 लीटर संदिग्ध पेट्रोलियम पदार्थ जब्त किया है।
यह कार्रवाई नोहर वृत्ताधिकारी सुभाष चंद्र के निर्देशन में पल्लू पुलिस द्वारा की गई। पिछले कुछ दिनों में अवैध ईंधन कारोबारियों के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
थानाधिकारी सुरेश कुमार मील ने बताया कि सूचना मिली थी कि मेगा हाईवे स्थित श्याम बाबा होटल के पीछे कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध पेट्रोलियम पदार्थ जमा कर बिक्री कर रहे हैं।
पुलिस टीम के पहुंचते ही संदिग्ध व्यक्ति ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गया। बाद में केलनिया गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली लावारिस हालत में मिली, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
ट्रॉली और मौके से मिला हजारों लीटर ईंधन
तलाशी में ट्रॉली से एक ड्रम, लोहे की कीप और करीब 22 फीट लंबी प्लास्टिक पाइप बरामद हुई। ड्रम में करीब 200 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ मिला।
इसके बाद पुलिस ने श्याम बाबा होटल के पीछे रोही क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाकर चार प्लास्टिक और एक लोहे के ड्रम से करीब 1000 लीटर अतिरिक्त पेट्रोलियम पदार्थ बरामद किया।
दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने बरामद पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें सीलबंद कर दिया है। मामले में श्रवण कुमार स्वामी और भीम स्वामी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
गांव वालों ने जताई चिंता
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध डीजल-पेट्रोल का कारोबार चल रहा है। भीषण गर्मी में इस तरह ईंधन का भंडारण किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
पुलिस ने साफ किया है कि अवैध पेट्रोलियम कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




