पीबीएम अस्पताल में वेतन नहीं मिलने से महिला अटेंडेंट ने खाईं नींद की गोलियां

05 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

पीबीएम अस्पताल में वेतन नहीं मिलने से महिला अटेंडेंट ने खाईं नींद की गोलियां, अस्पताल में भर्ती

बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में ठेके पर कार्यरत एक महिला अटेंडेंट ने पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिलने से परेशान होकर मंगलवार रात नींद की गोलियां खा लीं। परिजनों और अस्पताल स्टाफ ने तत्काल उसे पीबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार तिलक नगर निवासी महिला कई वर्षों से पीबीएम अस्पताल में अटेंडेंट (बाईजी) के रूप में ठेके पर कार्यरत है। महिला की तीन बेटियां हैं और परिवार का खर्च उसके वेतन पर ही निर्भर है।

बताया जा रहा है कि पीबीएम अस्पताल के ठेका कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। वे कई बार अस्पताल प्रशासन से भुगतान की मांग कर चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं निकलने पर महिला मानसिक तनाव में आ गई और यह कदम उठा लिया।

बेहोशी की हालत में महिला को मेडिसिन कैजुअल्टी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अब खतरे से बाहर है।

गौरतलब है कि पीबीएम अस्पताल में अटेंडेंट और सुरक्षा सेवाओं का ठेका मैसर्स पन्नाधाय सिक्युरिटीज के पास है। श्रमिकों का आरोप है कि ठेका मिलने के बाद से ही वेतन भुगतान में लगातार देरी हो रही है।

पीबीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने बताया कि श्रमिकों को समय पर वेतन नहीं देने के मामले में संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया गया है तथा नियमानुसार पेनल्टी लगाने की कार्रवाई की जाएगी।

Share: