PBM बचाओ आंदोलन तेज! शारदा मौत मामले में कांग्रेस का थाली-कटोरा लेकर कलेक्ट्रेट कूच

23 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

PBM अस्पताल में शारदा मौत मामले को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, थाली-कटोरा लेकर पहुंचे कलेक्ट्रेट

बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में अव्यवस्थाओं और प्रसूता शारदा की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को बड़ा प्रदर्शन किया। पीबीएम बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अस्पताल से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में थाली और कटोरा लेकर प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। नेताओं का कहना था कि वे पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने पहुंचे हैं।

‘प्रशासन को जगाने’ के लिए थाली-कटोरा लेकर पहुंचे

कांग्रेस देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने आरोप लगाया कि प्रशासन इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस को गर्मी में सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि थाली और कटोरा लेकर प्रशासन को जगाने का प्रयास किया जा रहा है।

कई कांग्रेस नेता रहे मौजूद

पैदल कूच में कांग्रेस शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल, भंवरलाल कूकणा, आनंद जोशी, राजेंद्र बापेउ, सीताराम नायक, आनंद सिंह सोढ़ा, श्रीकृष्ण गोदारा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

13 दिन से जारी है आंदोलन

गौरतलब है कि पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की बिगड़ी तबीयत और शारदा की मौत के मामले को लेकर कांग्रेस पिछले 13 दिनों से धरना दे रही है।

कांग्रेस का कहना है कि जब तक पीड़ित परिवारों को न्याय और अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा।

Share: