सड़क हादसे में 31 वर्षीय युवक की मौत, मुंडसर-सिंथल रोड पर मिली बाइक

19 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

नापासर में सड़क हादसे में 31 वर्षीय युवक की मौत, मुंडसर-सिंथल रोड पर मिली बाइक

नापासर: नापासर थाना क्षेत्र में मुंडसर और सिंथल गांव के बीच हुए हादसे में 31 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सीताराम पुत्र रामचन्द्र के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर की रात करीब 8:20 बजे उसे बीकानेर के ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

Advertisement

मौके पर मिली सिर्फ मोटरसाइकिल

एएसआई कविंद्र कुमार ने बताया कि मुंडसर-सिंथल रोड पर हादसे की सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे थे। वहां कोई व्यक्ति नहीं मिला, केवल एक मोटरसाइकिल पड़ी हुई थी। पुलिस ने मोटरसाइकिल को सड़क से हटवाया।

इसके बाद पीबीएम चौकी से सूचना मिली कि सीताराम को ट्रॉमा सेंटर लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार सुबह मृतक के परिजन नापासर थाने पहुंचे।

हादसे के कारणों की जांच करेगी पुलिस

पुलिस के अनुसार, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। मृतक मोटरसाइकिल पर सवार था। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पोस्टमार्टम करवाकर मामले की जांच की जाएगी।

Advertisement
Share: