राजस्थान। प्रदेश में प्राइवेट बसों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। बस ऑपरेटर्स ने 10 अगस्त की रात 12 बजे के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। हड़ताल के चलते प्रदेशभर में निजी बसों का संचालन बंद रहेगा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
बस ऑपरेटर्स ने आज रात से ही निजी बसों की ऑनलाइन बुकिंग बंद करने का निर्णय लिया है। रविवार को जयपुर के एक निजी होटल में प्रदेशभर के बस ऑपरेटर्स और विभिन्न बस संगठनों की बैठक हुई, जिसमें परिवहन विभाग की कार्रवाई और बस संचालकों की समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई गई।
बैठक में बस मालिकों और ऑपरेटर्स ने अपनी मांगों पर चर्चा की। इसके बाद सभी संगठनों ने एकजुट होकर 10 अगस्त की रात 12 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया।
बस ऑपरेटर्स का कहना है कि उनकी मांगों और समस्याओं पर पर्याप्त सुनवाई नहीं होने के कारण यह कदम उठाना पड़ा है। परिवहन विभाग की ओर से बस व्यवसाय से जुड़े संचालकों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई को लेकर भी ऑपरेटर्स में नाराजगी है।
हड़ताल के कारण जयपुर, बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, उदयपुर, कोटा, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों के बीच चलने वाली निजी बस सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। खासतौर पर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक साधनों की व्यवस्था करनी पड़ सकती है।
बस ऑपरेटर्स ने स्पष्ट किया है कि मांगों का समाधान होने तक हड़ताल जारी रखी जा सकती है। अब सरकार और परिवहन विभाग की ओर से बस संगठनों के साथ बातचीत कर कोई समाधान निकाला जाता है या नहीं, इस पर नजर रहेगी।




