राजस्थान में घमासान बारिश! 7 जिलों में ऑरेंज, 24 में येलो अलर्ट

10 Aug 2026 STATE
Advertisement

राजस्थान। प्रदेश में मानसून फिलहाल सक्रिय है और अब एक बार फिर कई इलाकों में भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग ने सोमवार से दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके मद्देनजर प्रदेश के 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 24 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में बारिश का दौर 13 अगस्त तक जारी रह सकता है। इसके बाद 14 अगस्त से पश्चिमी राजस्थान और 15 अगस्त से पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई गई है।

जयपुर में बारिश के बाद कानोता बांध छलका

रविवार को जयपुर और आसपास के इलाकों में हुई बारिश के बाद कानोता बांध में पानी की आवक बढ़ गई। बांध लबालब भरने के बाद उस पर चादर चलने लगी। तेज बारिश के कारण जयपुर शहर और आसपास के कई इलाकों में सड़कों पर पानी बहता नजर आया।

इन इलाकों में भी तेज बारिश

हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के कई इलाकों में भी तेज बारिश दर्ज की गई। वहीं बारां के शाहबाद में करीब 2 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली।

श्रीडूंगरगढ़ में सड़कों पर भरा पानी

बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ में भी तेज बारिश के बाद सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर गया। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो गया।

मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार आने वाले दिनों में राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। ऐसे में भारी बारिश वाले जिलों में प्रशासन और आमजन को सतर्क रहने की जरूरत है।

Share: