राजस्थान में बढ़ी गर्मी की छुट्टियां: अब 29 जून से खुलेंगे स्कूल, सरकार ने जारी किए आदेश
जयपुर/बीकानेर। राजस्थान में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच राज्य सरकार ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने ग्रीष्मावकाश की अवधि बढ़ाने को मंजूरी देते हुए प्रदेश के सरकारी और निजी विद्यालयों को अब 29 जून से खोलने का निर्णय लिया है। इस संबंध में शिविरा पंचांग में संशोधन के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
इससे पहले शिक्षा विभाग ने 20 जून तक ग्रीष्मावकाश घोषित किया था। 21 जून को रविवार होने के कारण स्कूल 22 जून से खुलने थे, लेकिन प्रदेशभर में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और शिक्षक संगठनों की मांग को देखते हुए अवकाश अवधि बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
शिक्षा ग्रुप-1 विभाग के शासन उप सचिव आलोक जैन ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक को शिविरा पंचांग में संशोधन की स्वीकृति प्रदान की है। संशोधित आदेश के अनुसार इस वर्ष विद्यालयों में ग्रीष्मावकाश की कुल अवधि 35 दिन से बढ़कर 43 दिन हो गई है।
जानकारी के अनुसार हाल ही में शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) के प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर में शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर गर्मी की छुट्टियां बढ़ाने की मांग रखी थी। शिक्षा मंत्री द्वारा सकारात्मक आश्वासन दिए जाने के बाद विभागीय स्तर पर प्रस्ताव तैयार किया गया और शासन सचिव की मंजूरी के बाद आदेश जारी कर दिए गए।
आदेश में संस्था प्रधानों के अधिकृत अवकाश को लेकर भी संशोधन किया गया है। पूर्व व्यवस्था में एक दिन का अधिकृत अवकाश निर्धारित था, जिसे बढ़ाकर पुनः दो दिन कर दिया गया है।
भीषण गर्मी बनी छुट्टियां बढ़ाने का कारण
राजस्थान में इस बार मई और जून के दौरान कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। लगातार चल रही लू और अत्यधिक गर्मी के कारण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए सरकार ने ग्रीष्मावकाश बढ़ाने का निर्णय लिया है।
शिक्षा विभाग का मानना है कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों में बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में विद्यालयों को एक सप्ताह अतिरिक्त बंद रखने का फैसला लिया गया है ताकि विद्यार्थियों को भीषण गर्मी से राहत मिल सके।
अब प्रदेशभर के सरकारी और निजी विद्यालय 29 जून 2026 से नियमित रूप से संचालित होंगे।




