बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र में चोरी की लगातार हो रही वारदातों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। एक ओर श्रीरामसर इलाके में मंदिर दर्शन के लिए गए परिवार के सूने घर को चोरों ने निशाना बनाया, वहीं दूसरी ओर बाइक सवार तीन युवक एक दुकान से करीब 15 हजार रुपये का सामान लेकर बिना भुगतान किए फरार हो गए। दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्रवासियों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है और गश्त बढ़ाने की मांग उठ रही है।
जानकारी के अनुसार श्रीरामसर निवासी राजकुमार सुथार अपने परिवार के साथ मंदिर दर्शन के लिए गए थे। इसी दौरान चोरों ने महज एक घंटे के भीतर उनके घर को निशाना बना लिया। आरोप है कि बदमाश छत के गेट को तोड़कर घर में घुसे और लाखों रुपये के जेवर व नकदी चोरी कर ले गए। परिवार के लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला और आलमारी का गेट टूटा हुआ मिला।
राजकुमार ने बताया कि करीब 50 हजार रुपये नकदी, सोने की चूड़ियां, नेकलेस, अंगूठी, पायल, कान के टॉप्स, सोने की चेन सहित अन्य कीमती सामान चोरी हो गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
इसी थाना क्षेत्र में दूसरी वारदात में बाइक पर सवार तीन युवक एक दुकान से करीब 15 हजार रुपये का सामान लेकर बिना भुगतान किए फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दुकानदार ने फुटेज जारी करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पीड़ित का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी और इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।




