राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम! 19 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, बीकानेर में भी संभावना
बीकानेर। राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 19 से अधिक जिलों में आंधी और बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में सुबह से ही बादल छाए रहे और बारिश का दौर देखने को मिला।
राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में सुबह रुक-रुक कर बूंदाबांदी हुई। वहीं सीकर में शनिवार रात से शुरू हुआ बारिश का दौर रविवार सुबह तक जारी रहा। बारिश के कारण लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली है।
बीकानेर सहित कई जिलों में हुई बारिश
शनिवार को कोटा, भरतपुर, जयपुर और बीकानेर संभाग के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बीकानेर के कई इलाकों में दोपहर बाद तेज आंधी के साथ बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
अगले तीन दिन सक्रिय रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों तक राजस्थान के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और मेघगर्जन की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आ रही नमी के कारण मौसम में बदलाव बना हुआ है।
प्री-मानसून बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड
इस बार राजस्थान में प्री-मानसून बारिश सामान्य से काफी अधिक हुई है। आमतौर पर प्री-मानसून अवधि में करीब 23 मिमी बारिश होती है, जबकि इस वर्ष अब तक 44 मिमी बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। यह सामान्य से लगभग 92 प्रतिशत ज्यादा है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के करीब 30 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। इससे किसानों को भी राहत मिली है।
मानसून की एंट्री में देरी संभव
राजस्थान में मानसून सामान्य रूप से 25 जून के आसपास पहुंचता है, लेकिन इस बार इसके कुछ दिन देरी से आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि प्री-मानसून बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई है।
मौसम विभाग ने लोगों को आंधी, बिजली गिरने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।




