राजस्थान में फिर बढ़ने लगी गर्मी, बाड़मेर में पारा 37.6 डिग्री; बीकानेर में भी तेज धूप
बीकानेर | Aapni Awaj
राजस्थान में चक्रवाती तूफान 'अर्नब' और पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद एक बार फिर गर्मी बढ़ने लगी है। प्रदेश में दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बुधवार, 4 नवंबर को बाड़मेर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि जैसलमेर में पारा 36.3 डिग्री तक पहुंच गया।
बीकानेर में भी दोपहर के समय तेज धूप निकल रही है और तापमान 30 डिग्री के पार बना हुआ है। दिन में गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि रात के समय हल्की ठंडक बनी हुई है।
दिन में गर्मी, रात में हल्की ठंडक
राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के कई इलाकों में दिन के समय गर्मी महसूस की जा रही है। वहीं, रात में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना हुआ है। हालांकि कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
5 से 10 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 5 से 10 नवंबर तक राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। आगामी एक सप्ताह के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। फिलहाल बारिश या तापमान में बड़ी गिरावट के आसार नहीं हैं।
विभाग की ओर से जारी जिलेवार पूर्वानुमान में भी आगामी दिनों के लिए कोई विशेष चेतावनी नहीं दी गई है।
जयपुर में आसमान साफ रहने की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 5 नवंबर को जयपुर में आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।






