214 प्रतिभाओं के सम्मान से गूंजा शाकद्वीपिय समाज, उपलब्धियों से बढ़ा गौरव
बीकानेर। राजस्थान प्रांतीय शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासभा की ओर से शनिवार को धरणीधर ऑडिटोरियम में शाकद्वीपीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा, खेल, कला-संस्कृति, विभिन्न विभागों और अन्य क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली 214 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित प्रतिभाएं वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर चुकी हैं।
समारोह की अध्यक्षता महासभा अध्यक्ष गणेश दास सेवग ने की। मुख्य अतिथि कुलदीप जी व्यास (शाकद्वीपीय), झारखंड एवं बिहार में दैनिक भास्कर के स्टेट हेड एडिटर और विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे। विशिष्ट अतिथि विख्यात पत्रकार एवं साहित्यकार हरीश बी. शर्मा तथा सेवानिवृत्त बीएसएनएल अधिकारी महेश भोजक रहे। महासभा के महासचिव राजेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी भी मंच पर मौजूद रहे।
शिक्षा से लेकर खेल और कला तक प्रतिभाओं का सम्मान
महासभा के महासचिव राजेश शर्मा ने बताया कि कक्षा 10वीं, 12वीं, स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ जिला एवं राज्य स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। खेल, कला-संस्कृति, विभिन्न विभागों और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले प्रतिभागी भी सम्मानित हुए।
मुख्य अतिथि कुलदीप जी व्यास ने कहा कि प्रतिभाओं की उपलब्धियां पूरे समाज के लिए गौरव का विषय हैं। उन्होंने प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और उचित मंच उपलब्ध कराने के साथ सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और सद्भाव को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शाकद्वीपीय समाज की प्रतिभाएं शिक्षा, प्रशासन, चिकित्सा, व्यवसाय, पत्रकारिता और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहचान बना रही हैं।
विशिष्ट अतिथि हरीश बी. शर्मा ने प्रतिभा सम्मान समारोह को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ संस्कार, साहित्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहने का आह्वान किया।
प्रतिभाओं को दी गई कैरियर काउंसलिंग की जानकारी
महासभा के संगठन मंत्री जुगल किशोर सेवग ने बताया कि समारोह में कुल 214 प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। इस दौरान प्रतिभाओं को कैरियर काउंसलिंग के संबंध में भी जानकारी दी गई, ताकि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार भविष्य की दिशा तय कर सकें।
बीकानेर संभाग अध्यक्ष एडवोकेट दिलीप सेवग ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी प्रतिभा निखारने और नए लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करते हैं।
इनका रहा सहयोग
कार्यक्रम का मंच संचालन जया शर्मा एवं रीतिका शर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में मनोज शर्मा, शंकर सेवग, रविन्द्र शर्मा, जुगल किशोर सेवग, एडवोकेट दिलीप सेवग, शिवरतन सेवग, हरीश भोजक, विकास शर्मा, निलेश शर्मा, गणेश शर्मा, अरुण शर्मा, नितिन वत्स और जिया शर्मा सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा।
समारोह में आर.के. शर्मा, दुर्गादत्त भोजक, अशोक शर्मा, ओपी शर्मा, पवन भोजक, दिनेश सेवग, विजया सेवग, रेखा शर्मा, शशि कला शर्मा और डालिमा शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्यजन, अभिभावक, युवा एवं सामाजिक बंधु मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में महासभा की शिक्षा समिति के संयोजक जेठमल शर्मा एवं सह-संयोजक राजेंद्र शर्मा ने अतिथियों और समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया।







