दहेज के लिए विवाहिता पर हथौड़े से हमला, पति-ससुर पर घर से निकालने का आरोप
श्रीडूंगरगढ़। थाना क्षेत्र के बिग्गा निवासी एक विवाहिता के साथ ससुराल पक्ष द्वारा कथित रूप से मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में पति और ससुर पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने तथा हथौड़े से सिर पर हमला करने का आरोप लगाया है।
दहेज को लेकर गाली-गलौज करने का आरोप
पुलिस को दी जानकारी के अनुसार विवाहिता ससुराल के घर में काम कर रही थी। इसी दौरान उसका पति और ससुर वहां आए और कथित रूप से विवाहिता तथा उसके पीहरवालों को गालियां देने लगे। आरोप है कि दोनों ने कहा कि यदि वह और उसके पीहरवाले दहेज नहीं दे सकते तो उसे घर में रखने का क्या फायदा है।
हथौड़े से सिर पर चोट मारने का आरोप
विवाहिता का आरोप है कि गाली-गलौज के बाद पति और ससुर ने उसके साथ थाप-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। वह चिल्लाने लगी तो ससुर ने पति को हथौड़ा लाकर दिया। इसके बाद पति ने कथित रूप से हथौड़े से उसके सिर पर जोरदार वार किया, जिससे सिर में गंभीर चोट लग गई।
बच्चों के साथ घर से निकलकर पड़ोसी के यहां छिपी
पीड़िता के अनुसार किसी तरह आरोपियों से बचकर वह अपने बच्चों सहित घर से बाहर निकल गई और पड़ोसियों के घर में जाकर छिप गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पांच लाख रुपए नकद और मोटरसाइकिल दहेज में नहीं देने को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया गया और आखिरकार घर से निकाल दिया गया।
पति-ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पुलिस ने विवाहिता की शिकायत के आधार पर जीतूसिंह और भीमसिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर सुभाष कुमार को सौंपी गई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।





