श्रीडूंगरगढ़। नेशनल हाईवे-11 पर टायर फटने से एक अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार 5 लोग घायल हो गए। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि कार सर्विस रोड से करीब 20 फीट दूर जाकर गिरी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
टायर फटने से अनियंत्रित हुई कार
मिली जानकारी के अनुसार अर्टिगा कार का अचानक टायर फट गया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार बिहार पासिंग बताई जा रही है और इसमें सवार सभी लोग बिहार के रहने वाले बताए गए हैं।
हादसे की सूचना मिलने पर सामाजिक संस्था की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को श्रीडूंगरगढ़ के उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया।
दो गंभीर घायलों को बीकानेर रेफर किया
घायलों में 24 वर्षीय राहुल कुमार और 29 वर्षीय मुन्ना की हालत गंभीर बताई गई। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बीकानेर रेफर कर दिया गया।
वहीं योगेंद्र, विकास, गौतम और रोहित का मेडिकल टीम द्वारा ट्रोमा सेंटर में उपचार किया जा रहा है।






