श्रीडूंगरगढ़ हाईवे पर भीषण टक्कर! बस-बोलेरो की आमने-सामने भिड़ंत, आधा दर्जन घायल
श्रीडूंगरगढ़. बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ से गुजर रहे नेशनल हाईवे पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शहर के निकट कांग्रेस नेता हरिराम बाना के कार्यालय के पास एक बस और बोलेरो गाड़ी की आमने-सामने भिड़ंत में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। कार्यालय में मौजूद कार्यकर्ताओं और आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को संभाला तथा एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही अब्दुल कलाम सोसायटी और आपणो गांव सेवा समिति की एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए श्रीडूंगरगढ़ उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। फिलहाल हादसे में घायल लोगों की पहचान और दुर्घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



