श्रीडूंगरगढ़ में हाईवे पर तीन वाहनों की टक्कर, बड़ा हादसा टला
श्रीडूंगरगढ़। बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर कितासर के पास बुधवार रात तीन वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई।
एक के बाद एक टकराए तीन वाहन
जानकारी के अनुसार हाईवे पर एक आई-20 कार और फॉर्च्यूनर की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद पीछे से आ रही एक अन्य कार भी फॉर्च्यूनर से जा भिड़ी। देखते ही देखते तीनों वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए।
आठ लोग थे सवार, सभी सुरक्षित
फॉर्च्यूनर में सवार लोग सालासर बालाजी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। हादसे के दौरान वाहनों में कुल आठ लोग मौजूद थे, जिन्हें मामूली चोटें आईं लेकिन सभी सुरक्षित रहे।
कुछ देर प्रभावित रहा यातायात
दुर्घटना के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य करवाई।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।




