गैस सिलेंडरों की जांच करने पहुंचे प्रवर्तन निरीक्षक से हाथापाई का आरोप

19 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

शेरुणा में गैस सिलेंडरों की जांच करने पहुंचे प्रवर्तन निरीक्षक से हाथापाई का आरोप

श्रीडूंगरगढ़। शेरुणा क्षेत्र के तेजा गार्डन में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल की शिकायत पर जांच करने पहुंचे प्रवर्तन निरीक्षक से होटल कर्मचारी द्वारा हाथापाई करने और राजकार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। प्रवर्तन निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह ने पुलिस थाने में रिपोर्ट देकर कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक में प्रवर्तन निरीक्षक के पद पर कार्यरत भूपेन्द्र सिंह 18 सितंबर को पदीय कर्तव्यों के तहत शेरुणा स्थित तेजा गार्डन पहुंचे थे। रिपोर्ट के अनुसार निरीक्षण के दौरान होटल परिसर में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था।

मोबाइल छीनने और हाथापाई का आरोप

भूपेन्द्र सिंह ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि वह मौके पर कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे थे। इसी दौरान होटल के एक कर्मचारी ने उन्हें वीडियो बनाने से रोका और उनका मोबाइल छीन लिया। आरोप है कि कर्मचारी ने उनके साथ हाथापाई की और मारपीट का प्रयास किया। इसके बाद उन्हें होटल परिसर से बाहर ले जाया गया।

रिपोर्ट के अनुसार काफी मशक्कत के बाद कर्मचारी ने अधिकारी का मोबाइल वापस किया। अधिकारी ने आरोप लगाया कि इस दौरान उन्हें राजकार्य करने से रोका गया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।

पांच घरेलू गैस सिलेंडरों की जब्ती में भी बाधा का आरोप

प्रवर्तन निरीक्षक के अनुसार होटल परिसर में पांच घरेलू गैस सिलेंडर मिले थे, जिन्हें जब्ती की कार्रवाई के लिए बाहर ले जाने की कोशिश की गई। आरोप है कि कर्मचारी ने सिलेंडरों को बाहर नहीं ले जाने दिया और उन्हें एक कमरे में रखकर ताला लगा दिया। इससे जब्ती की कार्रवाई भी प्रभावित हुई।

अधिकारी ने रिपोर्ट में हाथापाई करने वाले कर्मचारी की फोटो और वीडियो पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है। उन्होंने मोबाइल छीनने, धमकी देने, हाथापाई करने और राजकार्य में बाधा डालने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

एएसआई गोकुलचंद कर रहे जांच

पुलिस ने प्रवर्तन निरीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई गोकुलचंद को सौंपी गई है। पुलिस अब घटना से जुड़े साक्ष्यों और उपलब्ध फोटो-वीडियो के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

Share: