जैसलमेर में युवक की पीट-पीटकर हत्या: किडनैप कर चलती गाड़ी में बेरहमी से पीटा, सड़क किनारे फेंका
जैसलमेर। जिले के खुहड़ी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक युवक को कथित रूप से अगवा कर चलती गाड़ी में लात-घूंसों और डंडों से बेरहमी से पीटा गया, जिसके बाद उसे सड़क किनारे फेंक दिया गया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए युवक की उपचार से पहले ही मौत हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाश युवक को वाहन से नीचे फेंकते नजर आ रहे हैं।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान म्याजलार निवासी महावीर सिंह (22) पुत्र गोरधन सिंह के रूप में हुई है। घटना मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे सोडा गांव के पास हाईवे पर हुई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बाइक को टक्कर मारकर किया अगवा
जैसलमेर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने बताया कि महावीर सिंह अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार होकर अपने गांव म्याजलार जा रहा था। इसी दौरान दो गाड़ियों में आए हमलावरों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए।
इसके बाद बदमाशों ने दोनों युवकों को जबरन कैंपर गाड़ी में बैठा लिया। रास्ते में महावीर के साथी को उतार दिया गया, जबकि महावीर सिंह को अपने साथ ले जाकर चलती गाड़ी में लगातार मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने उसे लाठी-डंडों और घूंसों से बुरी तरह पीटा।
सड़क किनारे फेंककर हुए फरार
मारपीट के बाद आरोपी सोडा गांव के पास हाईवे किनारे महावीर सिंह को गंभीर हालत में फेंककर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने युवक को सड़क पर तड़पते हुए देखा और मदद के लिए आगे आए।
स्थानीय दुकानदार स्वरूप सिंह ने बताया कि घायल युवक पानी मांग रहा था और उसकी हालत बेहद गंभीर थी। पुलिस को सूचना देने के बाद भी जब मदद नहीं पहुंची तो स्थानीय लोगों ने निजी वाहन से उसे अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुरानी रंजिश का एंगल, पुलिस जांच में जुटी
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल की मोर्चरी पहुंच गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में नाकाबंदी कर दी गई है और अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि मृतक महावीर सिंह खेती का कार्य करता था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।




