श्रीडूंगरगढ़ के जालबसर में युवक की चाकू मारकर हत्या, आरोपी फरार; गांव में पुलिस तैनात
श्रीडूंगरगढ़: बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के जालबसर गांव में चाकू मारकर एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार रात करीब 10:15 बजे गांव की मुख्य चौपाल पर उत्तरादा कुएं के पास हुई। हमले में 28 वर्षीय नेमीचंद पुत्र हरिराम लूखा की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।
सीने में चाकू लगने से हुई मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेमीचंद गांव की मुख्य चौपाल के पास था। आरोप है कि गांव के ही 26-27 वर्षीय कालूराम पुत्र सीताराम जाट ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि चाकू युवक के सीने में बाईं ओर लगा। परिजन और ग्रामीण घायल नेमीचंद को उपजिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौत हो गई।
आरोपी फरार, उसके पिता को पुलिस ने डिटेन किया
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने रात करीब तीन बजे आरोपी के पिता को डिटेन किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
युवक की मौत से परिवार में शोक
नेमीचंद चार भाइयों में से एक था और परिवार परिवहन के काम से जुड़ा हुआ था। वह श्रीडूंगरगढ़ से जालबसर के बीच बोलेरो गाड़ी से सवारियों को लाने-ले जाने का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार में शोक छा गया है।
ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की खबर फैलने के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण रात में ही गांव के मौजिज लोगों तथा अधिकारियों से मिले। ग्रामीणों ने गांव में हुई हत्या पर नाराजगी जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। घटनास्थल के पास ही मृतक का घर और आरोपी की दुकान बताई जा रही है।
पुलिस घटनाक्रम और हत्या के कारणों की जांच कर रही है। गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जाब्ता तैनात है।






