छतरगढ़ में एक घंटे में दो जगह पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, लकड़ियां सड़क पर बिखरीं; जनहानि टली
छतरगढ़ | Aapni Awaj
बीकानेर जिले के छतरगढ़ कस्बे में शुक्रवार को महज एक घंटे के अंतराल में दो अलग-अलग स्थानों पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पलटने की घटनाएं सामने आईं। दोनों हादसों में गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, सरकारी अस्पताल के पास हुआ हादसा बड़ा रूप ले सकता था, क्योंकि ट्रॉली में भरी लकड़ियां सड़क किनारे बिखर गईं।
जानकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे की तरफ से आ रहा DOD विभाग की लकड़ियों से भरा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया। इससे पीछे लगी भारी-भरकम ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई और उसमें भरी लकड़ियां आसपास बिखर गईं। उस समय वहां से कोई पैदल राहगीर या बाइक सवार नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंच संभाली यातायात व्यवस्था
घटना की सूचना मिलने पर छतरगढ़ पुलिस थाने के एएसआई रामचरण मीणा मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया।
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
गौरतलब है कि इससे पहले भी नेशनल हाईवे संख्या 911 पर एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो चुका है। वहीं, करीब सात दिन पहले रात के समय हॉस्पिटल रोड स्थित SBI बैंक के पास भी लकड़ियां सड़क पर गिरने की घटना सामने आई थी। बताया गया कि उस समय भी लकड़ियों का परिवहन विभाग के ट्रैक्टर से किया जा रहा था।
लकड़ी परिवहन की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद DOD विभाग के नाम पर लकड़ी परिवहन कर रहे ट्रैक्टर चालकों और संबंधित ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। भारी मात्रा में लकड़ियों का परिवहन करते समय ट्रॉली में लकड़ियों को सुरक्षित तरीके से रखने, उनकी उचित व्यवस्था करने और वाहन की गति नियंत्रित रखने जैसे सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा है या नहीं, यह जांच का विषय है।
स्थानीय स्तर पर इन घटनाओं को देखते हुए लकड़ी परिवहन में लगे वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच और नियमों की पालना सुनिश्चित करने की आवश्यकता जताई जा रही है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।






