बज्जू में रविवार को 8 घंटे बिजली रहेगी बंद, 132 केवी जीएसएस अपग्रेडेशन के चलते कई गांव होंगे प्रभावित

25 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बज्जू। बज्जू क्षेत्र में रविवार, 26 जुलाई को 132 केवी ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) पर मरम्मत और बिजली लाइन अपग्रेडेशन कार्य के कारण सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान बागानाड़ा, बांगड़सर, तेजपुरा और आर्मी टॉवर फीडर से जुड़े क्षेत्रों में बिजली सप्लाई बंद रहेगी।

इन क्षेत्रों में रहेगा बिजली कट

जोधपुर डिस्कॉम बज्जू के सहायक अभियंता ओमप्रकाश जाखड़ ने बताया कि 132 केवी जीएसएस की पीएस-1 लाइन के टावर संख्या 2 और 3 के बीच आवश्यक तकनीकी कार्य किया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से कार्य के दौरान चारों फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी।

बढ़ाई जाएगी बिजली लाइन की क्षमता

132 केवी जीएसएस बज्जू के अधिशासी अभियंता (प्रसारण) धर्मेंद्र बैरवा ने बताया कि वर्तमान में पीएस-1 लाइन पर पैंथर वायर लगे हुए हैं, जिनकी क्षमता लगभग 450 एम्पीयर लोड तक है। क्षेत्र में बढ़ती बिजली मांग और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए लाइन को अपग्रेड करने का निर्णय लिया गया है।

एचटीएलएस वायर से होगा अपग्रेडेशन

उन्होंने बताया कि मौजूदा पैंथर वायर को हटाकर एचटीएलएस वायर लगाए जाएंगे, जिससे लाइन की क्षमता बढ़कर लगभग 900 एम्पीयर हो जाएगी। अपग्रेडेशन कार्य की शुरुआत रविवार को टावर संख्या 2 और 3 के बीच की जाएगी। इस कार्य के पूरा होने के बाद बज्जू क्षेत्र में बढ़ते बिजली भार को बेहतर तरीके से संभाला जा सकेगा और भविष्य में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था अधिक मजबूत होगी।

Share: