बज्जू में नशे पर दोहरी कार्रवाई, एमडी और डोडा पोस्त के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
बज्जू। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन नीलकण्ठ के तहत बज्जू पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में एमडी और डोडा पोस्त के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 4.29 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) और दूसरे आरोपी के पास से 4 किलो 360 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
4.29 ग्राम एमडी के साथ युवक गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, तीन-चार अक्टूबर की मध्यरात्रि को बज्जू थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक चन्द्रजीत सिंह भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कस्बा बज्जू में कार्रवाई की। इस दौरान बज्जू तेजपुरा निवासी बुधराम (22) पुत्र भंवरलाल जाट को 4.29 ग्राम अवैध एमडी के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच रणजीतपुरा थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक जगदीश सिंह को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी से एमडी की खरीद-फरोख्त और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
गौड़ू में घर से 4.360 किलो डोडा पोस्त बरामद
दूसरी कार्रवाई में चार अक्टूबर को बज्जू पुलिस ने गौड़ू गांव में दबिश देकर एक युवक को डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान रामनिवास (32) पुत्र शंकरलाल विश्नोई निवासी गौड़ू के रूप में हुई है। उसके घर से 4 किलो 360 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच रणजीतपुरा थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक जगदीश सिंह कर रहे हैं। पुलिस डोडा पोस्त की खरीद-फरोख्त, आपूर्ति और आरोपी के संभावित संपर्कों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
दोनों कार्रवाई में पुलिस टीम शामिल
कार्रवाई बज्जू थानाधिकारी चन्द्रजीत सिंह भाटी के नेतृत्व में की गई। टीम में सहायक उपनिरीक्षक झंवरलाल, कांस्टेबल रामकुमार, जोगेन्द्र, किशनलाल और हड़मानराम सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। डोडा पोस्त की कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक झंवरलाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस और पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीकानेर ग्रामीण बनवारीलाल मीणा तथा कोलायत वृत्ताधिकारी जयपाल सिंह के सुपरविजन में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत की गई।






