सूनी ढाणी पर चोरों का धावा! ₹4.50 लाख नकद और साढ़े 8 तोला सोना लेकर फरार

29 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बज्जू। बीकानेर जिले के बज्जू थाना क्षेत्र के चक 1 जीडब्ल्यूएम स्थित एक ढाणी में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने के आभूषण और ₹4.50 लाख नकद चोरी कर लिए। घटना का पता उस समय चला जब पीड़ित परिवार जयपुर से बच्ची का इलाज कराकर वापस लौटा।

Advertisement

जयपुर से लौटने पर टूटा मिला ताला

पीड़ित अशोक कुमार पुत्र सुखराम तेतरवाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 25 जुलाई को वह अपने परिवार के साथ बच्ची का इलाज कराने जयपुर गया था। सोमवार रात करीब 9 बजे जब परिवार खेत स्थित ढाणी पहुंचा तो मुख्य कमरे का ताला टूटा हुआ मिला।

तिजोरी तोड़कर ले गए नकदी और जेवर

पीड़ित के अनुसार कमरे में रखी तिजोरी का ताला भी टूटा हुआ था। चोर तिजोरी से करीब साढ़े आठ तोला सोने के आभूषण और ₹4.50 लाख नकद चोरी कर ले गए। चोरी हुए आभूषणों में करीब साढ़े चार तोला सोने की कंठी, तीन तोला का रखड़ी सेट व तिनका तथा एक तोला सोने की चेन शामिल है। इसके अलावा अन्य सामान भी चोरी होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर बज्जू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थानाधिकारी चंद्रजीत सिंह भाटी ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सुराग जुटाने के साथ-साथ चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

Advertisement
Share: