पैतृक जमीन के विवाद में खूनी हमला! बुजुर्ग पर लाठी-डंडों से वार, चाकू से मारने की भी कोशिश

09 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

पैतृक जमीन के विवाद में खूनी हमला! बुजुर्ग पर लाठी-डंडों से वार, चाकू से मारने की भी कोशिश

बीकानेर: बज्जू कस्बे में पैतृक भूमि के बंटवारे को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बुजुर्ग पर लाठी-डंडों से हमला करने और चाकू से जानलेवा वार का प्रयास करने के मामले में बज्जू पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर किया गया है।

थानाधिकारी जगदीश पांडर ने बताया कि बज्जू खालसा निवासी राकेश पुत्र गोपालराम गोदारा ने लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार गांव के सोमराज, सुनील, अनिल पुत्र पाबूराम तथा किशनाराम पुत्र भागीरथराम गोदारा के साथ उनके परिवार का पैतृक भूमि के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है।

रिपोर्ट के अनुसार बीती शाम करीब 5 बजे राकेश के पिता गोपालराम पुत्र मुल्तानाराम गोदारा कोऑपरेटिव बैंक के पास स्थित एक ई-मित्र केंद्र के बाहर खड़े थे। इसी दौरान आरोपी बोलेरो कैम्पर में पहुंचे और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि सोमराज ने गोपालराम के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर पड़े।

परिवादी के अनुसार आरोपियों ने चाकू से भी हमला करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दिया। घटना के समय भागीरथराम पुत्र कानाराम, धुंडाराम तथा ओमप्रकाश पुत्र मानाराम गोदारा भी मौजूद थे। आरोप है कि आरोपियों ने इन पर भी वाहन चढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन सभी ने भागकर अपनी जान बचाई।

घायल गोपालराम को पहले सरकारी अस्पताल बज्जू ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बीकानेर रेफर कर दिया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। एक दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई थी, हालांकि उस समय किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करवाई थी।

बज्जू पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच एएसआई ओमप्रकाश को सौंपी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान व उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share: