भाई को बचा लिया, बहन नहीं बच सकी… नहर के तेज बहाव ने 9 साल की मासूम को निगल लिया

17 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

भाई को बचा लिया, बहन नहीं बच सकी... नहर के तेज बहाव ने 9 साल की मासूम को निगल लिया

बज्जू. रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में नहर में डूबने से 9 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। हादसा चरणवाला ब्रांच की 90 आरडी पर उस समय हुआ, जब भाई-बहन नहर में नहा रहे थे। इसी दौरान पानी का तेज बहाव आने से दोनों बहने लगे।

मौके पर मौजूद एक बुजुर्ग ने शोर मचाकर लोगों को सतर्क किया। शोर सुनकर एक राहगीर ने अपनी जान जोखिम में डालते हुए नहर में छलांग लगा दी और बालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि तेज बहाव के कारण बालिका पानी में बह गई और उसे बचाया नहीं जा सका।

घटना के बाद ग्रामीणों ने काफी देर तक बालिका की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर रणजीतपुरा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की सहायता से सर्च अभियान शुरू कराया। प्रारंभिक तलाश में बालिका का कोई सुराग नहीं मिला।

बाद में शुक्रवार दोपहर घटना स्थल से करीब 50 किलोमीटर दूर जीयावाला माइनर में एक बालिका का शव पानी में तैरता हुआ मिला। सूचना पर रणजीतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बज्जू उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

थानाधिकारी जगदीश सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान सिया (9) पुत्री रवि बावरी, निवासी रामसरा नारायण, थाना हनुमानगढ़ टाउन के रूप में हुई है। वर्तमान में परिवार चरणवाला क्षेत्र के चक 90 आरडी में काश्तकारी कर रहा है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नहरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और बरसात के मौसम में तेज बहाव के दौरान नहरों में नहीं उतरने की अपील की है।

Share: