बीकानेर: ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास, मारपीट कर रुपये छीनने का आरोप, चार नामजद

03 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर: ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास, मारपीट कर ₹6,500 छीनने का आरोप, चार नामजद

बीकानेर। जिले के बज्जू थाना क्षेत्र के गोडू गांव निवासी एक व्यक्ति ने चार लोगों के खिलाफ ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास, मारपीट और नकदी छीनने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गोडू निवासी शंकरलाल पुत्र शिवलाल विश्नोई ने रिपोर्ट में बताया कि 1 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे वह 15-17 पीएसडी आबादी स्थित अपने भाई की दुकान पर किराना सामान लेने गया था। इसी दौरान वहां सुभाष पुत्र शिवधन मेघवाल और नरसीराम पुत्र अर्जुनराम महिंद्रा ट्रैक्टर लेकर पहुंचे।

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि सुभाष ने ट्रैक्टर से उसे कुचलने का प्रयास किया, जिससे वह जान बचाने के लिए भागा। इसी दौरान हेतराम और पतराम ने उसे पकड़कर ट्रैक्टर पर डालने का प्रयास किया। विरोध करने पर चारों आरोपियों ने उसके साथ डंडों और थप्पड़ों से मारपीट की।

परिवादी का आरोप है कि मारपीट के दौरान पतराम ने उसकी जेब से ₹6,500 निकाल लिए। साथ ही सुभाष शराब के नशे में ट्रैक्टर को लापरवाही से चलाते हुए उसका पीछा करता रहा।

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित का कहना है कि यदि समय पर लोग बीच-बचाव नहीं करते तो आरोपी उसकी हत्या कर सकते थे।

बज्जू थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच नोखा सीओ जरनैल सिंह कर रहे हैं।

Share: