बीकानेर। राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बीकानेर में पहली बार ऐसा नजारा देखने को मिलेगा, जो शहरवासियों के लिए यादगार बन जाएगा। 14 अगस्त को सार्दुल सदन क्षेत्र से 600 ड्रोन एक साथ आकाश में उड़ान भरेंगे। करीब 15 मिनट तक चलने वाले इस विशेष ड्रोन शो में आसमान पर बीकानेर की कला, संस्कृति, परंपराओं, लोक संस्कृति, आस्था और सीमांत गौरव से जुड़ी आकर्षक आकृतियां बनाई जाएंगी।
जिला कलक्टर निशान्त जैन ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाले इस विशेष और भव्य आयोजन को अंतिम रूप दे दिया गया है। पहली बार बीकानेर की धरती से इतने बड़े स्तर पर ड्रोन एक साथ उड़ान भरेंगे। ड्रोन शो के दौरान आसमान में अलग-अलग प्रकार की आकृतियां बनाई जाएंगी, जिन्हें शहर के विभिन्न स्थानों से भी देखा जा सकेगा।
इस खास आयोजन में बीकानेर की लोक संस्कृति और कला शैलियों की मनोहारी झलक देखने को मिलेगी। ड्रोन के माध्यम से आसमान में बनने वाली आकृतियों के जरिए बीकानेर की पहचान, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। करीब 15 मिनट का यह शो स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले शहरवासियों के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगा।
महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय में सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जाएगा। इस दौरान देश और प्रदेश की बहुरंगी संस्कृति से जुड़े विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। बुधवार को प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया।
राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए बीकानेर शहर को भी विशेष रूप से सजाया गया है। जिला कलक्टर के अनुसार शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों और सरकारी भवनों पर लाइटिंग एवं सजावट की गई है। इसके साथ ही प्रमुख चौराहों और सर्किल्स को भी आकर्षक रूप से सजाया गया है।
14 अगस्त को बीकानेर का आसमान देशभक्ति और स्थानीय संस्कृति के रंग में रंगा नजर आएगा। 600 ड्रोन की एक साथ उड़ान और उनसे बनने वाली आकर्षक आकृतियां शहरवासियों के साथ-साथ बाहर से आने वाले लोगों के लिए भी खास आकर्षण का केंद्र रहने की उम्मीद है।




