बीकानेर में अफसरों को सख्त निर्देश! संपर्क पोर्टल की शिकायतों की खुद करें मॉनिटरिंग, परिवादियों से करें सीधा संवाद
बीकानेर, 20 जुलाई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर राज्य बजट घोषणाओं और संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बजट घोषणाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निस्तारण किया जाए।
बैठक में एडीएम ने जिला प्रभारी सचिव के निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी विभाग आगामी तीन माह का स्पष्ट कार्य लक्ष्य निर्धारित करें और उसी के अनुरूप नियमित प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बजट घोषणाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने विशेष रूप से भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। साथ ही विभिन्न विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए बहु-विभागीय परियोजनाओं में नियमित संवाद बनाए रखने की सलाह दी।
संपर्क पोर्टल की समीक्षा के दौरान श्री रतनू ने कहा कि जिला स्तरीय अधिकारी स्वयं शिकायतों की व्यक्तिगत मॉनिटरिंग करें और परिवादियों से सीधे संवाद स्थापित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत बातचीत करने पर समस्या की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होती है तथा समाधान के प्रति उनका विश्वास और संतुष्टि भी बढ़ती है।
बैठक में चिकित्सा, परिवहन, पुरातत्व, आरयूआईडीपी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी), भूजल विभाग, राजस्थानी भाषा अकादमी, रसद विभाग, विद्युत विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




