बीकानेर में खेत में करंट लगने से किसान की मौत, खेती करते समय हुआ हादसा
बीकानेर। बज्जू थाना क्षेत्र के गिराजसर गांव में कृषि कार्य के दौरान करंट लगने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बीठनोक निवासी भगवानाराम नायक ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका बड़ा पुत्र नारायण सिंह (34) वर्तमान में गिराजसर स्थित भीखसिंह की ढाणी में रहकर खेती का कार्य करता था।
रिपोर्ट के अनुसार 14 जुलाई की रात करीब 10 बजे खेत में कृषि कार्य करते समय वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में परिजन उसे गड़ियाला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर बज्जू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मर्ग दर्ज कर शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




