महापौर चुनाव के बीच कांग्रेस पार्षद मनोज विश्नोई को BDA का अंतिम नोटिस

17 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

महापौर चुनाव के बीच कांग्रेस पार्षद मनोज विश्नोई को BDA का अंतिम नोटिस, 2 दिन में मांगे दस्तावेज

बीकानेर। महापौर चुनाव के बीच कांग्रेस पार्षद मनोज विश्नोई को बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) की ओर से अंतिम नोटिस जारी किया गया है। जानकारी के मुताबिक रानी बाजार स्थित होटल शौर्य 3.0 के संचालन को लेकर यह नोटिस जारी किया गया है।

व्यावसायिक गतिविधियों और निर्माण से जुड़े दस्तावेज मांगे

BDA ने होटल परिसर में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों और भवन निर्माण से जुड़े दस्तावेज सक्षम अधिकारी के समक्ष पेश करने के निर्देश दिए हैं। नोटिस में संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए दो दिन का समय दिया गया है।

नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में पूर्व में 9 फरवरी को नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद छह महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी मांगे गए दस्तावेज उपलब्ध नहीं करवाए गए।

दस्तावेज पेश नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी

BDA ने अंतिम नोटिस में निर्धारित अवधि में मांगे गए दस्तावेज सक्षम अधिकारी के समक्ष पेश नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है।

मनोज विश्नोई बोले- नियमों के अनुसार देंगे जवाब

नोटिस को लेकर पार्षद मनोज विश्नोई का कहना है कि वह नियमों के मुताबिक अपना पक्ष रखेंगे और नोटिस का जवाब देंगे।

महापौर चुनाव के बीच जारी हुए इस नोटिस को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा है। हालांकि नोटिस जारी करने की कार्रवाई को महापौर चुनाव से जोड़कर कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है।

Share: