BDO नारायण सुथार के घर रात 2 बजे तक सर्च, करीब 1 किलो सोने के बिस्किट मिले

26 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

BDO नारायण सुथार के घर रात 2 बजे तक सर्च, करीब 1 किलो सोने के बिस्किट मिले

बीकानेर। 8.14 लाख रुपए नकदी के साथ पकड़े गए लोहावट BDO नारायण सुथार के मामले में एसीबी की कार्रवाई के दौरान नया अपडेट सामने आया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने सुथार के घर पर देर रात करीब 2 बजे तक सर्च अभियान चलाया। इस दौरान टीम को करीब एक किलो वजन के सोने के बिस्किट, जमीन की रजिस्ट्री और कुछ वाहनों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं।

Advertisement

एसीबी ने बरामद सोने के बिस्किट और अन्य दस्तावेजों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सोने की वैधता, स्रोत और उसे खरीदने से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

8.14 लाख रुपए नकदी के साथ पकड़े गए थे BDO

शुक्रवार को एएसपी आशीष कुमार के निर्देशन में सीआई इंद्र कुमार के नेतृत्व वाली एसीबी टीम ने भीनासर चौकी के पास चेकिंग के दौरान BDO नारायण सुथार की कार को रुकवाकर तलाशी ली थी। कार की खलासी साइड की सीट के नीचे एक बैग मिला, जिसमें 8 लाख 14 हजार रुपए नकद रखे हुए थे।

एसीबी ने नकदी को कब्जे में लेने के बाद सुथार से राशि के संबंध में पूछताछ शुरू की थी। प्रारंभिक सूचना के अनुसार वे जोधपुर से बीकानेर की ओर आ रहे थे।

घर की तलाशी में मिले संपत्ति के दस्तावेज

नकदी बरामद होने के बाद एसीबी ने सुथार के ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई शुरू की। सर्च के दौरान करीब एक किलो वजन के सोने के बिस्किट के अलावा जमीन की रजिस्ट्री और वाहनों के दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है।

एसीबी अब इन संपत्तियों और दस्तावेजों का मिलान सुथार की आय तथा आय के ज्ञात स्रोतों से कर रही है। बरामद सोने की वैधता और स्रोत की भी जांच की जा रही है।

आय से अधिक संपत्ति के एंगल से जांच

एसीबी पूरे मामले में बरामद नकदी, सोने और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारियों की ओर से यह भी देखा जा रहा है कि बरामद संपत्तियां और अन्य सामान सुथार की घोषित आय के अनुरूप हैं या नहीं।

फिलहाल बरामद सोने के बिस्किट की वैधता और स्रोत को लेकर जांच जारी है। सोने को लेकर अंतिम स्थिति एसीबी की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।

Advertisement
Share: