स्वतंत्रता दिवस से पहले बीकानेर में पुलिस का एक्शन, नेताओं-कार्यकर्ताओं को डिटेन करने पर विवाद

14 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के पहुंचने से पहले पुलिस ने श्रीडूंगरगढ़ के चार युवा नेताओं को डिटेन किया है। इनमें कांग्रेस नेता हरीराम बाना, आरएलपी नेता डॉ. विवेक माचरा, माकपा नेता मुकेश ज्याणी और यूथ कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष संतोष गोदारा शामिल हैं। ट्रोमा सेंटर की मांग को लेकर श्रीडूंगरगढ़ में चल रहे आंदोलन के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को एहतियाती कदम माना जा रहा है।

Advertisement

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के बीकानेर दौरे और राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी है। आशंका जताई जा रही है कि आंदोलन से जुड़े नेता मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में अपनी मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। इसी को देखते हुए पुलिस ने नेताओं और कुछ कार्यकर्ताओं को डिटेन किया है।

यूथ कांग्रेस कार्यालय से कई कार्यकर्ता डिटेन

कांग्रेस के युवा नेता और पीसीसी सदस्य हरीराम बाना के आह्वान पर यूथ कांग्रेस कार्यालय पहुंच रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने एक-एक कर अपनी गाड़ियों में बैठाया। इस दौरान यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष संतोष गोदारा सहित कई युवाओं को पुलिस अपने साथ ले गई। पुलिस कार्रवाई के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

डिटेन किए गए कार्यकर्ताओं को फिलहाल कहां रखा गया है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की ओर से इसे सुरक्षा व्यवस्था के तहत की गई कार्रवाई बताया जा रहा है।

माकपा नेता मुकेश ज्याणी भी पुलिस की हिरासत में

माकपा के युवा नेता मुकेश ज्याणी को भी पुलिस ने डिटेन किया है। ज्याणी को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आने के बाद माकपा कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई का विरोध किया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले राजनीतिक नेताओं और कार्यकर्ताओं को एहतियात के नाम पर डिटेन किया जा रहा है।

रक्तदान शिविर से विवेक माचरा को ले गई पुलिस

आरएलपी के विधानसभा प्रत्याशी रहे डॉ. विवेक माचरा भी पुलिस कार्रवाई की जद में आए। माचरा लिखमीसर उतरादा में आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचे थे। यह शिविर अग्निवीर राकेश जाखड़ की स्मृति में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान पुलिस माचरा को अपने साथ ले गई।

ट्रोमा सेंटर की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन

श्रीडूंगरगढ़ में लंबे समय से ट्रोमा सेंटर की मांग को लेकर आंदोलन चल रहा है। आंदोलन से जुड़े नेता और कार्यकर्ता लगातार सरकार के सामने अपनी मांग उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बीकानेर दौरे को देखते हुए पुलिस को आशंका थी कि आंदोलनकारी कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं।

स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा बढ़ाई

इस बार राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह बीकानेर में आयोजित हो रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए बीकानेर शहर के साथ श्रीडूंगरगढ़ सहित जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।

पुलिस की ओर से राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं को एहतियातन डिटेन करने की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, हिरासत में लिए गए नेताओं को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

Share: