बीकानेर में 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, 27.20 ग्राम MDMA सप्लाई मामले में था फरार

08 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन नीलकंठ के तहत बीछवाल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी फिरोज उर्फ जग्गू (भूट्टा) को गिरफ्तार किया है। आरोपी वाणिज्यिक मात्रा में मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी था और पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

Advertisement

27.20 ग्राम MDMA बरामदगी मामले में सामने आया नाम

पुलिस के अनुसार 14 जनवरी 2026 को सदर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में सुगरा उर्फ सुगनी को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 27.20 ग्राम MDMA और मादक पदार्थ की बिक्री से संबंधित 4 लाख 16 हजार 30 रुपए की नकदी बरामद की गई थी।

मामले की जांच के दौरान पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ के सप्लायर के रूप में फिरोज उर्फ जग्गू का नाम सामने आया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने न्यायालय से उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट प्राप्त किया और उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित कराया।

लगातार तलाश के बाद पकड़ा गया

फरार आरोपी की तलाश के लिए बीछवाल थाना पुलिस की टीम लगातार प्रयास कर रही थी। इसके बाद पुलिस ने फिरोज उर्फ जग्गू पुत्र शहजाद अली, निवासी कनासियों की गली, एमएस हॉस्टल के पीछे, भूट्टों का बास, थाना सदर, बीकानेर को गिरफ्तार कर लिया।

कई मामलों में नाम दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह वर्ष 2026 के एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित था। इसके अलावा वर्ष 2025 के एनडीपीएस एक्ट के एक अन्य मामले तथा बीछवाल थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में दर्ज प्रकरण में भी उसका नाम शामिल है।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में की गई। एएसपी शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और सदर सीओ आकांक्षा के सुपरविजन में बीछवाल थाना प्रभारी दिगपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

कार्रवाई में उप निरीक्षक राजकुमार, कांस्टेबल कालूराम और कांस्टेबल सुरेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की सप्लाई और नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।

Advertisement
Share: