बीकानेर में महिला फंदे से लटकी मिली, देर रात पुलिस ने शव पीबीएम अस्पताल पहुंचाया
बीकानेर: बीछवाल थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला देर रात अपने मकान की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में फंदे से लटकी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस और सामाजिक सेवा संस्थाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं।
रात करीब 2:30 बजे मिली सूचना
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना देर रात करीब 2:30 बजे मिली। मृतका की पहचान कंचन कंवर के रूप में हुई है। आधार कार्ड पर उनका पता धनधान, जिला सीकर दर्ज बताया गया है।
पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया शव
सूचना के बाद बीछवाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की निगरानी में महिला के शव को नीचे उतरवाया गया और पीबीएम अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकीय मुआयने के बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया।
महिला की मौत के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।







