बीकानेर में 590 ग्राम अफीम के साथ आरोपी गिरफ्तार, सप्लाई नेटवर्क की जांच
बीकानेर। बीछवाल थाना पुलिस ने ऑपरेशन नीलकंठ के तहत कार्रवाई करते हुए 590 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अफीम जब्त कर मामला दर्ज किया है। आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और सदर वृत्ताधिकारी आकांक्षा कुमारी के निर्देशन में बीछवाल थानाधिकारी दिगपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
आरटीओ रोड पर घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को आरटीओ रोड स्थित इंडियन गैस गोदाम के पास घेराबंदी कर राधाकिशन पुत्र चंदनाराम (37), निवासी वार्ड संख्या 7, बज्जू खालसा, थाना बज्जू को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 590 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम जब्त कर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
कहां से आई अफीम, किसे होनी थी सप्लाई?
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अफीम कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई में बीछवाल थानाधिकारी दिगपाल सिंह के साथ हेड कांस्टेबल रामनिवास, हेड कांस्टेबल रवि कुमार और कांस्टेबल भगवानाराम की सक्रिय भूमिका रही।




