बीकानेर में टावर पर चढ़े भाजपा के दो पदाधिकारी, 13 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद फूटा गुस्सा

20 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर. सोमवार सुबह बीकानेर के चोखुंटी क्षेत्र में भाजपा से जुड़े दो पदाधिकारी मोबाइल टावर पर चढ़ गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया।

टावर पर चढ़ने वालों की पहचान भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह राजपुरोहित और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अयूब कायमखानी के रूप में हुई है। दोनों ने टावर से वीडियो जारी कर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।

ओवरब्रिज बनने के बाद बंद हुआ रास्ता

दोनों नेताओं का कहना है कि चोखुंटी ओवरब्रिज बनने के बाद क्षेत्र में आवागमन का कोई वैकल्पिक रास्ता नहीं बचा है। ऐसे में आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य जरूरी वाहन भी गली तक नहीं पहुंच पाते।

13 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद फूटा गुस्सा

विक्रम सिंह राजपुरोहित ने बताया कि रविवार को क्षेत्र में 13 वर्षीय एक बालक ने आत्महत्या कर ली थी। घटना के दौरान एम्बुलेंस गली तक नहीं पहुंच सकी और सामाजिक कार्यकर्ताओं को स्ट्रेचर के जरिए शव को मुख्य सड़क तक लाना पड़ा। इसी घटना के बाद क्षेत्रवासियों का आक्रोश बढ़ गया।

प्रशासन से की यह मांग

टावर पर चढ़े दोनों नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि चोखुंटी क्षेत्र में आपातकालीन वाहनों की आवाजाही के लिए तत्काल वैकल्पिक रास्ता बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन दोनों नेताओं को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटे हुए हैं।

Share: