बीकानेर के बड़े व्यापारी से ₹5 करोड़ की रंगदारी! रोहित गोदारा गैंग के नाम पर मिली जान से मारने की धमकी
बीकानेर: जिले में एक बड़े व्यापारी से कथित तौर पर रोहित गोदारा गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और परिवार सहित जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। व्यापारी पक्ष ने श्रीडूंगरगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस अधीक्षक से मिलकर सुरक्षा की मांग की है।
5 और 7 जुलाई को आए धमकी भरे कॉल
जानकारी के अनुसार श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के दुलचासर गांव निवासी व्यापारी को 5 और 7 जुलाई को गैंगस्टर रोहित गोदारा के कथित करीबी बीरेंद्र चारण के नाम से फोन कॉल आए। आरोप है कि कॉल करने वाले ने पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी और रकम नहीं देने पर व्यापारी व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
हवाला कार्यालय पर हमले की भी धमकी
रिपोर्ट के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर व्यापारी के हवाला कार्यालय में सिलेंडर फेंककर हमला करने की धमकी भी दी। इसके बाद व्यापारी परिवार में दहशत का माहौल है।
पुलिस अधीक्षक से लगाई सुरक्षा की गुहार
व्यापारी के भाई ने पहले श्रीडूंगरगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया। इसके बाद बुधवार को पुलिस अधीक्षक बीकानेर से मिलकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और व्यापारी व उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
पुलिस ने शुरू की जांच
परिजनों का आरोप है कि बुधवार को भी लगातार धमकी भरे फोन कॉल आते रहे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा सुरक्षा के सभी पहलुओं पर भी विचार किया जा रहा है।




