बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र में सस्ता डीजल देने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 1 लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने 20 रुपए प्रति लीटर सस्ता डीजल देने का भरोसा दिलाया था। परिवादी के अनुसार, रुपए लेने के बाद आरोपी ने डीजल देने से इनकार कर दिया।
10 हजार लीटर डीजल मिलने की बताई बात
एमडीवी कॉलोनी निवासी 39 वर्षीय कुणाल जोशी ने नयाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसे एक व्यक्ति का कॉल आया था। उसने बताया कि वह एक कंपनी में ठेकेदारी का काम करता है और कंपनी की ओर से उसे 10 हजार लीटर डीजल दिया गया है। इसमें करीब 2 हजार लीटर डीजल बचा हुआ है, जिसे दो दिन में पंप से उठाना है।
20 रुपए प्रति लीटर सस्ता देने का झांसा
बातचीत के दौरान आरोपी ने 2 हजार लीटर डीजल 20 रुपए प्रति लीटर सस्ता देने की बात कही। परिवादी ने आरोपी की बात पर भरोसा करते हुए पंप पर वाहन भेज दिया। वाहन में 2 हजार लीटर डीजल भरवाया गया।
स्कैनर से भेजे 1 लाख रुपए
परिवादी के अनुसार, डीजल के बदले उसने स्कैनर के जरिए 1 लाख रुपए भेज दिए। आरोप है कि रुपए प्राप्त करने के बाद आरोपी ने डीजल देने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिवादी को ठगी का पता चला।
पुलिस ने शुरू की जांच
परिवादी ने नयाशहर थाने में रिपोर्ट देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी द्वारा बताए गए पंप, भुगतान और पूरे लेनदेन की जांच शुरू कर दी है।






