बीकानेर की सफाई व्यवस्था बेपटरी! 15 अगस्त से पहले निगम में मची खलबली, CM दौरे ने बढ़ाई टेंशन

29 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। बीकानेर नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सबसे खराब स्थिति गंगाशहर क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां करीब दो लाख की आबादी के लिए नियमानुसार 800 सफाई कर्मचारियों की आवश्यकता है, लेकिन वर्तमान में महज 150 से 200 कर्मचारियों के भरोसे सफाई व्यवस्था संचालित हो रही है।

साढ़े आठ लाख आबादी पर केवल 1100 सफाईकर्मी

शहर की कुल आबादी करीब साढ़े आठ लाख होने के बावजूद पूरे नगर निगम क्षेत्र में केवल 1100 सफाईकर्मी कार्यरत हैं। सरकारी मानकों के अनुसार प्रति एक हजार आबादी पर चार सफाई कर्मचारी होने चाहिए। इस हिसाब से एक वार्ड में 30 से 40 सफाईकर्मी तैनात होने चाहिए, लेकिन अधिकांश वार्डों में कर्मचारियों की भारी कमी बनी हुई है।

स्थिति यह भी है कि बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) की कॉलोनियों में भी नगर निगम के सफाईकर्मी ही सफाई कार्य कर रहे हैं, जिससे शहर के अन्य इलाकों में सफाई व्यवस्था और प्रभावित हो रही है।

15 अगस्त से पहले बढ़ी प्रशासन की चिंता

15 अगस्त को बीकानेर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री सहित राज्य सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों के आने की संभावना को देखते हुए निगम प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। वीआईपी दौरे से पहले शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए तेज़ी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

समीक्षा बैठक में खुली सफाई व्यवस्था की पोल

मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी प्रगति सोलंकी ने नगर निगम में समीक्षा बैठक आयोजित कर मुख्य सफाई निरीक्षकों, सफाई निरीक्षकों, ट्रैक्टर-टैक्सी ठेकेदारों, सीवरेज विंग तथा कचरा संग्रहण करने वाली टेक्नोक्राफ्ट कंपनी के प्रतिनिधियों से जवाब-तलब किया।

बैठक में सामने आया कि कई वार्डों में कई-कई दिनों तक कचरा उठाने वाले वाहन नहीं पहुंच रहे हैं। कई ट्रैक्टरों पर पर्याप्त मजदूर नहीं लगाए जा रहे हैं और कुछ स्थानों पर नाबालिगों से भी सफाई कार्य कराए जाने की शिकायतें सामने आईं। इस पर मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी ने संबंधित ठेकेदार प्रतिनिधि को कड़ी फटकार लगाते हुए दो दिनों के भीतर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

1000 से अधिक नए सफाईकर्मियों की उम्मीद

राज्य सरकार ने नए सफाई कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे बीकानेर को 1000 से अधिक नए सफाईकर्मी मिलने की उम्मीद है। हालांकि, यह भर्ती समय पर पूरी होगी या नहीं, इसे लेकर अभी भी संशय बना हुआ है।

वीआईपी दौरे ने बढ़ाई निगम की बेचैनी

नगर निगम की ओर से अचानक बैठकों और निरीक्षणों का दौर शुरू होने के पीछे 15 अगस्त का वीआईपी दौरा प्रमुख कारण माना जा रहा है। प्रशासन की कोशिश है कि मुख्यमंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के दौरे से पहले शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार दिखाई दे और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल न उठें।

Share: