बीकानेर में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट पर भारी पुलिस फोर्स तैनात
बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की मौत और कथित अव्यवस्थाओं के विरोध में कांग्रेस मंगलवार को बीकानेर में बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। प्रदर्शन को देखते हुए जिला कलेक्ट्रेट परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
कलेक्ट्रेट के बाहर बैरिकेडिंग, वाटर कैनन और टियर गैस गन तैनात
कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर बैरिकेडिंग की गई है। मौके पर भारी पुलिस बल के साथ आरएसी और स्पेशल पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
इसके अलावा शहर के सभी थाना प्रभारियों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले छोड़ने वाली मशीन भी मौके पर तैनात की गई है।
डोटासरा और टीकाराम जूली करेंगे सभा
प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. बी.डी. कल्ला सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
कांग्रेस की शहर और देहात इकाइयों ने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन में पहुंचने का आह्वान किया है। सभा के बाद जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
यूथ कांग्रेस निकालेगी रैली
यूथ कांग्रेस शहर अध्यक्ष भंवर कूकणा ने बताया कि प्रदर्शन में दो हजार से ज्यादा कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यकर्ता पहले सर्किट हाउस के बाहर एकत्रित होंगे और वहां से रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे।
पीबीएम अस्पताल मामले को लेकर कांग्रेस आक्रामक
पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की मौत के बाद कांग्रेस लगातार सरकार और अस्पताल प्रशासन पर सवाल उठा रही है। अब तक दो प्रसूताओं प्रीति और शारदा नायक की मौत हो चुकी है, जबकि एक अन्य प्रसूता कमला की हालत गंभीर होने पर उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।
वहीं इमरती नाम की एक अन्य प्रसूता भी अस्पताल में भर्ती है। तीन प्रसूताओं को पहले ही उपचार के बाद छुट्टी दी जा चुकी है।
प्रशासन ने प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है।
