बीकानेर कलेक्ट्रेट में घुसने की कोशिश, पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खदेड़ा
बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की मौत और कथित अव्यवस्थाओं के विरोध में कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के बाद बीकानेर कलेक्ट्रेट में उस समय माहौल गरमा गया, जब कुछ कार्यकर्ताओं ने अंदर घुसने का प्रयास किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग के पास उन्हें रोकते हुए हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ दिया।
कलेक्टर से मिलने नहीं गए डोटासरा-जूली
प्रदर्शन के बाद जिला कलेक्टर को ज्ञापन देने पहुंचे कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली शामिल नहीं हुए। प्रतिनिधिमंडल में बिशनाराम सियाग, डॉ. बी.डी. कल्ला, भंवर सिंह भाटी और मदन गोपाल मेघवाल शामिल रहे।
कलेक्ट्रेट के बाहर भारी सुरक्षा व्यवस्था
कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। आरएसी और स्पेशल पुलिस फोर्स के साथ वाटर कैनन और आंसू गैस की मशीनें भी मौके पर लगाई गई थीं।
प्रदर्शन में डोटासरा, टीकाराम जूली, डॉ. बी.डी. कल्ला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभा में गूंजे ‘डूडी अमर रहें’ के नारे
सभा के दौरान पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल के संबोधन के समय रामेश्वर डूडी समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। मंच पर मौजूद डोटासरा ने कार्यकर्ताओं को शांत रहने का इशारा किया, लेकिन पूरे संबोधन के दौरान नारे जारी रहे।
टीकाराम जूली ने सरकार पर साधा निशाना
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जहां लोग जान बचाने जाते हैं, वहां से अर्थियां निकल रही हैं। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था और सरकारी कामकाज को लेकर भी सरकार को घेरा।
जूली ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर निशाना साधते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री के पोते निजी स्कूल में पढ़ रहे हैं, तो सरकारी स्कूलों की स्थिति के लिए जिम्मेदार कौन है।
बी.डी. कल्ला ने दवाइयों की खरीद पर उठाए सवाल
पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने आरोप लगाया कि ब्लैकलिस्टेड कंपनियों से दवाइयां खरीदी गईं। उन्होंने कहा कि लापरवाही के कारण दो महिलाओं की मौत हुई।
उन्होंने आईसीयू उपकरणों की खरीद को लेकर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ।
फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और प्रदर्शन के बाद स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

