बीकानेर. NEET परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को बीकानेर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस के प्रदेश सचिव रामनिवास कुकणा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए रामनिवास कुकणा ने आरोप लगाया कि NEET पेपर लीक के कारण देशभर के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर एकत्रित छात्रों से बातचीत करने के बजाय उन पर बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है।
कुकणा ने यह भी आरोप लगाया कि छात्रों के समर्थन में प्रधानमंत्री आवास के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने पहुंचे राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में लिया, जिसे उन्होंने लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया।
एनएसयूआई शहर जिलाध्यक्ष हरीराम गोदारा ने कहा कि युवाओं और छात्राओं पर बल प्रयोग निंदनीय है तथा संगठन छात्रों के अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगा।
इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कृष्ण कुमार गोदारा, मोहित सैन, राकेश चांगरा सहित कांग्रेस और एनएसयूआई के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




