पार्षद देने के नाम पर 20 लाख की ठगी का आरोप, बिछवाल थाने में केस

03 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

पार्षद देने के नाम पर 20 लाख की ठगी का आरोप, बिछवाल थाने में केस

बीकानेर। बिछवाल थाना क्षेत्र में दो जीते हुए पार्षद देने के नाम पर 20-20 लाख रुपए लेने और बाद में कथित तौर पर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। जयपुर के नांगल कला निवासी रिछपाल पुत्र रतनसिंह जाट की रिपोर्ट पर बिछवाल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एसआई राजकुमार को सौंपी गई है।

Advertisement

साइबर थाने में हैड कांस्टेबल बताकर संपर्क करने का आरोप

रिपोर्ट के अनुसार, रिछपाल का आरोप है कि उसे बीकानेर के बिछवाल इलाके में बलराज नामक व्यक्ति मिला। उसने खुद को साइबर थाना हनुमानगढ़ में हैड कांस्टेबल बताया। आरोप है कि बलराज ने कहा कि उसकी पत्नी और चाचा चुनाव जीत चुके हैं और एक पार्षद 20 लाख रुपए में दिलवा देगा। इसके बाद शिकायतकर्ता और उसके साथियों से कथित तौर पर 20 लाख रुपए लिए गए।

संगरिया के पास दिए रुपए

शिकायत के मुताबिक, बीकानेर से संगरिया बॉर्डर की ओर जाते समय बलराज की पत्नी का फोन आया और उन्हें बठिंडा के एक होटल में आने के लिए कहा गया। इसके बाद बलराज ने अपने भाई को भी साथ लेने की बात कही और अपने फोन से उसे संगरिया गत्ता फैक्ट्री के पास बुलाया। शिकायतकर्ता के अनुसार, वहां बलराज के भाई को 20 लाख रुपए दिए गए। इसके बाद कश्यप नामक व्यक्ति को भी साथ लेने की बात कहकर फोन किया गया।

होटल के बेसमेंट में ले जाने का आरोप

रिपोर्ट में बताया गया कि इसके बाद सभी लोग बठिंडा की ओर रवाना हुए। बठिंडा से करीब चार किलोमीटर पहले वाहनों को रोक दिया गया। बलराज और उसका भाई फॉर्च्यूनर में बैठकर एक होटल पहुंचे। आरोप है कि होटल में गाड़ियों को बेसमेंट में ले जाया गया, जहां कुछ अन्य लोग मौजूद थे। शिकायत में अलग-अलग वाहनों के नंबरों का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वहां 20-20 लाख रुपए लिए गए।

पार्षदों को लाने गई गाड़ी पर हमले का आरोप

शिकायत के अनुसार, इसके बाद कथित तौर पर पार्षदों को लाने के लिए गाड़ी होटल भेजने को कहा गया। गाड़ी के साथ चालक और नेमीचंद नामक व्यक्ति को भेजा गया। आरोप है कि गाड़ी के होटल पहुंचते ही बलराज, उसके भाई, एक महिला और अन्य लोगों ने गाड़ी पर हमला कर दिया। चालक और उसके साथ मौजूद व्यक्ति जान बचाकर वहां से भाग गए। इसके बाद बलराज को फोन किया गया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला।

हिसारिया की फैक्ट्री में हुई बैठक

रिपोर्ट के अनुसार, कश्यप के कहने पर सभी लोग हिसारिया की फैक्ट्री में बैठक के लिए पहुंचे। वहां जगदीश, डॉ. रामप्रताप, अमित, हिसारिया और कश्यप सहित अन्य लोग मौजूद थे। शिकायतकर्ता के अनुसार, रात करीब तीन बजे तक बैठक चली। इस दौरान कथित तौर पर उनसे कहा गया कि या तो वोट दे दें या उनके पैसे वापस कर दें। इसके बाद जगदीश और कश्यप वहां से चले गए और कथित तौर पर फोन उठाना बंद कर दिया।

शिकायतकर्ता ने पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की है। बिछवाल थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपों में बताए गए व्यक्तियों, मोबाइल नंबरों, वाहनों, होटल में हुई गतिविधियों और कथित लेन-देन की जांच कर रही है।

पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

Advertisement
Share: