बीकानेर। ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश की गई रकम को महज दो घंटे में पांच गुना करने का झांसा देकर एक युवक से 30,660 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर बज्जू पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी चन्द्रजीतसिंह भाटी ने बताया कि गोडू निवासी सचिन पुत्र लीलाधर सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से व्हाट्सऐप कॉल आए। कॉल करने वाले ने खुद को ऑनलाइन ट्रेडिंग का जानकार बताते हुए कहा कि 3,000 रुपये निवेश करने पर केवल दो घंटे में 15,000 रुपये वापस मिलेंगे।
झांसे में आकर पीड़ित ने बताए गए PhonePe खाते में पहले 3,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर 5,000 रुपये और जमा करवा लिए। कुछ देर बाद आरोपियों ने दावा किया कि पीड़ित की राशि बढ़कर 88,400 रुपये हो गई है।
आरोपियों ने यह रकम निकालने के लिए पहले 20 प्रतिशत कमीशन के रूप में 17,600 रुपये जमा करवाए। इसके बाद 8,060 रुपये अतिरिक्त चार्ज के नाम पर भी ट्रांसफर करवा लिए। इस तरह पीड़ित से कुल 30,660 रुपये ठग लिए गए।
रिपोर्ट के अनुसार जब आरोपियों ने 5,000 रुपये और मांगे तथा पीड़ित ने पैसे देने से इनकार किया, तो उन्होंने गाली-गलौज कर उसे व्हाट्सऐप पर ब्लॉक कर दिया। पीड़ित ने बताया कि व्हाट्सऐप पर आरोपियों के नाम विजय कुमार पाटिल और आशुतोष शर्मा दिखाई दे रहे थे, जबकि PhonePe खाते में मनोज कुमार मीणा का नाम प्रदर्शित हो रहा था।
बज्जू पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई झंवरलाल को सौंपी है। पुलिस पूरे साइबर ठगी नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।



